Friday, 19 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

पुणे लोस सीट से भाजपा के गिरीश बापट लड़ेंगे चुनाव

Posted at: Mar 23 2019 6:18PM
thumb

पुणे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र में मंत्री गिरीश बापट को पुणे लोकसभा सीट के लिए पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाया है। बापट पुणे जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। अनिल शिरोले वर्तमान सांसद हैं लेकिन इस बार बापट को मौका दिया गया। बापट ने संवाददाताओं से कहा कि वह वर्ष 1995 से ही जन कल्याण के काम में जुटे हैं, इसलिए पार्टी ने उन्हें यहां से लोकसभा का चुनाव लड़ने का मौका दिया।

एक प्रश्न के जवाब में बापट ने कहा कि शिरोले ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया और यदि पार्टी में आपस में कलह होती तो  शिरोले यहां हमारे साथ खड़े नहीं होते। बापट पुणे के कस्बा पेठ से लगातार पांच बार विधायक चुने गये हैं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि वह लोकसभा का चुनाव भी भारी अंतर से जीतेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि पूरे देश को पता है कि मोदी ही हैं जो देश का नेतृत्व कर सकते हैं और देश को विकास के पथ पर तेजी से ले जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पुणे में बहुत तेजी से विकास हो रहा है जिनमें मेट्रो नेटवर्क, ढांचागत विकास और नदी सफाई की परियोजना शामिल हैं। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि यदि वह चुनाव जीतते हैं तो पुणे का विकास कार्य जारी रहेगा और यहां की जनता की उम्मीदों को पूरा किया जायेगा।