Thursday, 18 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

मुंबई : शहीद दिवस पर क्रांतिवीरों को दी गई श्रद्धांजलि

Posted at: Mar 23 2019 6:17PM
thumb

मुंबई। शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को शनिवार को बलिदान दिवस पर यहां एक कार्यक्रम में श्रद्धांजलि दी गई। मुंबई के हुतात्मा चौक पर इन शहीदों की 88वीं पुण्यतिथि पर पुणे जिला रहवासी सेवा संघ, मुंबई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उनकी तस्वीरों पर माल्यार्पण किये गये।
इस अवसर पर शहीद राजगुरु की पोती श्रीमती उमा महादेवकर, महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री अजीत पवार, महाराष्ट्र के मंत्री राज के. पुरोहित, महाराष्ट्र नवनिर्माण पार्टी (मनसे) के नेता अरविंद गावड़े, संस्था के अध्यक्ष बाबासाहेब ठाकुर, संस्था के उपाध्यक्ष दत्तात्रेय वाहुज, सचिव संतोष शिंदे और कई अन्य गणमान्य लोगों ने शहीदों को याद कर माल्यार्पण किया तथा पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर हुतात्मा राजगुरु चौक को विकसित करने का प्रस्ताव भी पास किया गया। इस कार्य में संस्था के अध्यक्ष  बाबासाहेब, इंडिया प्रेस के जगदीश पुरोहित, सामाजिक कार्यकर्ता महादेवकर और अन्य लोग सक्रिय भूमिका निभाएंगे। गौरतलब है कि 23 मार्च 1931 को शहीद भगत सिंह, शहीद सुखदेव और शहीद राजगुरु को अंग्रेजों ने फांसी दे दी थी।