Wednesday, 24 April, 2024
dabang dunia

चुनाव

भाजपा से टिकट न मिलना आश्चर्यजनक: तेजस्विनी

Posted at: Apr 15 2019 10:53PM
thumb

बेंगलुरु। दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार की  पत्नी तेजस्विनी ने बेंगलुरू दक्षिण लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी  के केंद्रीय नेताओं की ओर से पार्टी का टिकट नहीं दिए जाने पर  आश्चर्य जताया है लेकिन कहा कि वह पार्टी के साथ रहेंगी। हाल में भाजपा की प्रदेश इकाई की उपाध्यक्ष नियुक्त तेजस्विनी ने  सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मैं पार्टी नेताओं से जानना चाहती  हूं कि उन्हें बेंगलुरू दक्षिण सीट से टिकट नहीं दिए जाने की क्या वजह है,  जहां का मेरे पति ने पांच बार प्रतिनिधित्व किया है।’’ एक प्रश्न के उत्तर में तेजस्विनी ने कहा कि वह अपने समर्थकों से  नोटा में वोट देने के लिए कभी नहीं कहेंगी, जैसा कि मीडिया के एक वर्ग में  रिपोर्टें हैं।
 
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में सोशल मीडिया में  आयी रिपोर्टें आधारहीन और सत्य से परे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या ऐसी रिपोर्टें बदमाशों की करतूत हैं, उन्होंने  कहा, ‘‘ साइबर अपराध थाने में पहले ही शिकायत दर्ज करायी जा चुकी है और  कार्रवाई की मांग की गयी है।’’ भाजपा के संगठन सचिव बी. एल. संतोष के ‘डीएनए’  के आधार पर पार्टी की ओर से टिकट नहीं बांटे जाने संबंधी बयान को लेकर पूछे  गये प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, ‘‘ संतोष से इस मुद्दे पर  चर्चा के बाद ही मैं कुछ कहूंगी।’’ भाजपा उम्मीदवार तेजस्वी सूर्या के खिलाफ  एक महिला को प्रताड़ति किए जाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर  तेजस्विनी ने जवाब देने से इन्कार किया और कहा, ‘‘ मैं इस बारे में  नहीं जानती।