Tuesday, 23 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

दक्षिण अफ्रीकी हाथी विशेषज्ञ के सुझाव पर होगा बीमार लक्ष्मी का इलाज

Posted at: Apr 21 2019 9:38PM
thumb

नैनीताल। देश का प्रसिद्ध नेशनल जिम कार्बेट पार्क वन्य जीवों को लेकर काफी संजीदा है। वन्य जीवों की सुरक्षा हो या फिर अन्य मसला वन विभाग एवं कार्बेट पार्क के अधिकारी हर संभव मदद को तैयार रहते हैं। कार्बेट पार्क में 55 साल की बूढ़ी बीमार लक्ष्मी का इलाज दक्षिण अफ्रीका के नामी-गिरामी वन्य जीव चिकित्सक कोबस रथ के सुझाव पर होगा। डॉ. कोबस रथ दक्षिण अफ्रीका के प्रसिद्ध क्रूगेर नेशनल पार्क के ख्याति प्राप्त चिकित्सक हैं। उन्हें वन्य जीवों का विशेषज्ञ माना जाता है। खासकर हाथियों के स्वास्थ्य विज्ञान के मामले में उन्हें महारत हासिल है। चिकित्सक कोबस ने रविवार को कार्बेट पार्क का दौरा किया। उन्होंने लम्बे समय से बीमार चल रही लक्ष्मी का परीक्षण किया और उसके स्वास्थ्य को लेकर कई महत्पूर्ण सुझाव दिये।
 
वन विभाग के पश्चिमी वृत्त के मुख्य वन संरक्षक पराग मधुकर धकाते ने बताया कि कार्बेट पार्क की लगातार सेवा करने वाली वृद्ध लक्ष्मी के स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही है। उसे बचाने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे है। उसके स्वास्थ्य को लेकर दक्षिण अफ्रीका के विशेषज्ञ डॉ. कोबस रथ से चर्चा हुई। संयोग से डॉ. कोबस भारत के दौर पर आये हुए थे। हमने उनसे बीमार हाथी लक्ष्मी के स्वास्थ्य को लेकर चिंता प्रकट की। आखिरकार उन्होंने हमारे अनुरोध को स्वीकार कर लिया।  डॉ कोबस आज कार्बेट पार्क के दौरे पर आये। उन्होंने बूढ़ी लक्ष्मी के स्वास्थ्य का परीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण सुझाव दिये। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी की उम्र एवं धीमी पाचन क्रिया को देखते हुए उसके समृद्ध एवं पुष्ट आहार को कम किया जाएगा। साथ ही उसके दैनिक क्रियाकलाप में भी बदलाव किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कार्बेट पार्क प्रशासन के लिये 55 साल से अधिक उम्रदराज बीमार मादा हाथी लक्ष्मी का इलाज लगातार चुनौती बना हुआ है। लक्ष्मी काफी समय से बीमार है। उसके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही है।