Saturday, 20 April, 2024
dabang dunia

खेल

सहवाग की शादी के लिए जेटली ने खाली किया था खुद का घर...

Posted at: Aug 25 2019 4:11PM
thumb

मुंबई। वित्त मंत्री के पद पर आसीन रह चुके पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर क्रिकेट के दिग्‍गज खिलाड़ी रहे वीरेन्द्र सहवाग ने दुख जताया है। अरुण जेटली के निधन पर वीरेन्द्र सहवाग ने अपने ही अंदाज में श्रद्धांजलि देते हुए उनके द्वारा की गई मदद को भी याद किया। अरुण जेटली जी के निधन पर दुखी हूं। सार्वजनिक जीवन में बहुत सेवा करने के अलावा उन्होंने दिल्ली के कई खिलाड़ियों की मदद में बड़ी भूमिका निभायी। जिन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।
एक समय था जब दिल्ली के कई खिलाड़ियों को उच्चतम स्तर पर खेलने का मौका नहीं मिला था। लेकिन डीडीसीए में उनके नेतृत्व में मेरे सहित कई खिलाड़ियों को भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। उन्होंने खिलाड़ियों की जरुरतों को सुना और इनकी समस्या का हल निकाला। निजी तौर पर उनके साथ बहुत ही खूबसूरत रिश्ता रहा। मेरे विचार और प्रार्थना परिवार और प्रियजनों के साथ है, ओम शांति।
बता दें कि अरुण जेटली का क्रिकेट से गहरा नाता रहा है जो भारतीय कन्ट्रोल बोर्ड के पूर्व में उपाध्यक्ष रहने के साथ ही दिल्ली एंव जिला क्रिकेट एसोसिएशन के लंबे समय तक अध्यक्ष पर रहे थे। अरुण जेटली ने डीडीसीए के अध्यक्ष पद पर रहने के दौरान कई क्रिकेटरों के करियर को संवारने में बड़ा योगदान दिया है। पूर्व वित्त मंत्री ने डीडीसीए अध्यक्ष पद पर रहते हुए दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को बढ़िया मौका दिया। और उनकी काफी मदद की।
अरुण जेटली से भारत और दिल्ली के के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग को भी मदद मिली। दरअसल अरुण जेटली ने वीरेन्द्र सहवाग की शादी के आयोजन के लिए अपना घर तक दिया था। सहवाग की शादी के कारण उन्होंने अपना घर खाली कर दिया था। उन्होंने वीरेन्द्र सहवाग के पिता को सुझाव दिया था कि वो अपने इस नवीनीकरण किए घर का शादी के लिए इस्तेमाल करें क्योंकि वीरू की शादी में खेल के साथ ही दूसरे क्षेत्रों से जुड़ी कई हस्तियां आने वाली थी। हालांकि खुद अरुण जेटली इस शादी के प्रचार के कारण नहीं हिस्सा ले सके थे।