Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

गुजरात में अब तक लगभग 118 प्रतिशत वर्षा, कल भी मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भारी वर्षा की चेतावनी

Posted at: Sep 12 2019 12:56AM
thumb

गांधीनगर। मौसम विभाग ने मध्य और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में कल भारी वर्षा की चेतावनी दी है। आज भी सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक 16 जिलों के 100 तालुका में बरसात हुई थी जिसमे से सर्वाधिक 199 मिलीमीटर देवभूमि द्वारका जिले के खंभालिया में थी। अब तक राज्य में सालाना औसत से लगभग 118 प्रतिशत मानसूनी वर्षा हो चुकी है। आज राहत आयुक्त के डी कपाड़यिा की अगुवाई में राज्य मौसम निगरानी समूह की एक बैठक हुई। उन्होंने बताया कि पिछले 30 सालों में से यह नौवां साल है जब राज्य में 951 मिमी या अधिक वर्षा हुई हो। अब तक राज्य में  84.43 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसल की बुवाई हो चुकी है।
 
पूरे देश में अब तक सामान्य से चार प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है जबकि गुजरात के सौराष्ट्र कच्छ क्षेत्र में यह आंकड़ा 44 प्रतिशत तथा राज्य के शेष क्षेत्रों के लिए 20 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि भारी वर्षा के मद्देनजर राज्य भर में एनडीआरएफ की 15 टीमें तैनात हैं। नर्मदा नदी में पानी की भारी आवक के चलते इसके जल को साबरमती, रूपेण, बनास और पुष्पावती जैसी नदियों में भी बहाया जा रहा है। आज सुबह छह बजे समाप्त हुए 24 घंटे के दौरान राज्य के 31 जिलों के 215 तालुका में वर्षा हुई थी जिसमें सर्वाधिक 200 मिमी गिर सोमनाथ जिले के सूत्रापाड़ा मे थी। मौसम विभाग ने कल राज्य के पंचमहाल, दाहोद, महिसागर, नवसारी और वलसाड तथा इससे लगे केंद्र शासित प्रदेश दमन और दादरा नगर हवेली में भी कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी है।