Thursday, 02 May, 2024
dabang dunia

प्रदेश

दंतेवाड़ा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत तय- पुनिया

Posted at: Sep 18 2019 12:11AM
thumb

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी व राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया ने दंतेवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के पक्ष में माहौल होने का दावा करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस की जीत तय है। पुनिया ने आज यहां कुछ पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि दंतेवाड़ा उपचुनाव में कांग्रेस अपने काम और पूर्व भाजपा सरकार के कुशासन को मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ रही है और इसी के आधार पर हमारी जीत होगी। उन्होने भूपेश सरकार के अब तक किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार ने एक साथ 2500 रूपये समर्थन मूल्य में धान खरीद का निर्णय लेने वाला देश का इकलौता राज्य है। उन्होने कहा कि भूपेश सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया, वनवासियों को वन भूमि पट्टा दिया, आदिवासियों को जमीन वापस लौटाई, तेंदूपत्ता तोड़ाई की मजदूरी बढ़ायी। 

यहीं नहीं जल-जंगल, जमीन के संरक्षकों के साथ न्याय करने के लिए अगर कोई सरकार आगे आई है तो वो भूपेश सरकार है। जबकि दूसरी ओर भाजपा सरकार ने झूठे वादों के साथ 15 वर्षा शासन किया। पुनिया ने पिछले दो बार दंतेवाड़ा विधानसभा चुनाव में भारी संख्या में नोटा पर पड़े वोट के सवाल पर कहा कि इस बार नोटा का बटन कोई नहीं दबाएगा। उन्होंने कहा कि उस क्षेत्र में विकास के लिए लोग अब कांग्रेस को ही वोट देंगे। दंतेवाड़ा उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर पुनिया ने कहा कि उनके 15 साल के कार्यकाल में जितनी खामियां व विसंगतियां उजागर हुई है उसके बाद अब लोगों में उनका प्रभाव कैसे पड़ेगा।