Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

प्रदेश

जब तक आंकलन नहीं होगा, तब तक केंद्र कैसे भेजेगा राशि : भार्गव

Posted at: Sep 18 2019 10:57AM
thumb

ग्वालियर। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने राज्य सरकार द्वारा बाढ़ के दौरान केंद्र सरकार पर सहायता नहीं देने के आरोपों पर कहा कि जब तक नुकसान का आंकलन कर नहीं भेजा जाएगा तब तक केंद्र राहत राशि कैसे दे सकता है। भार्गव ने कल दतिया और ग्वालियर में संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि जब तक राज्य की ओर से नुकसान का आंकलन कर एक अनुमान केंद्र को नहीं भेजा जाएगा, तब तक केंद्र राहत राशि कैसे दे सकता है।
उन्होंने ये भी कहा कि मुख्य सचिव बाढ़ का पानी उतरने के पहले ही नुकसान का आंकलन कैसे कर रहे है। भार्गव ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा कल राजधानी भोपाल में संत समागम में दिए गए विवादित बयान पर कहा कि कांग्रेस के ऐसे सदस्यों और उनके बयानों की वजह से ही पार्टी 400 से 52 सीट पर आ गई है। उन्होंने कहा कि दुष्कर्मियों की कोई जाति या धर्म नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार स्थानांतरण उद्योग में व्यस्त है। सरकार ने तत्कालीन भाजपा सरकार की किसानों के लिये चल रही योजनाओं को भी बन्द कर दिया है।