Thursday, 18 April, 2024
dabang dunia

बिज़नेस

तेल में नरमी से शेयर बाजार में लौटी रौनक

Posted at: Sep 18 2019 5:38PM
thumb

मुंबई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को रौनक लौट आयी और बीएसई का सेंसेक्स 82.79 अंक यानी 0.23 प्रतिशत चढ़कर 36,563.88 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 23.05 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की बढ़त में 10,840.65 अंक पर बंद हुआ। 
सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको के दो संयंत्रों पर हमलों के बाद तेल उत्पादन में 57 लाख बैरल की गिरावट आ गयी है। सऊदी सरकार के आपूर्ति जल्द बहाल करने के आश्वासन के बाद आज विदेशी तथा घरेलू शेयर बाजारों में तेजी लौट आयी। बीएसई में धातु तथा तेल एवं गैस समूहों में सबसे ज्यादा तेजी देखी गयी। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर करीब 0.75  प्रतिशत चढ़ गये। वहीं, ओएनजीसी में सबसे ज्यादा दो प्रतिशत की गिरावट रही। सेंसेक्स 140.29 अंक चढ़कर 36,621.38 अंक पर खुला।
वाहन निर्माता कंपनियों में बिकवाली के दबाव में पहले एक घंटे में यह कुछ देर के लिए दबाव में आया और 36,465.92 अंक के दिवस के निचले स्तर तक उतर गया। लेकिन, कच्चे तेल में गिरावट से बाजार को बल मिला और सेंसेक्स 36,712.99 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर पर पहुँच गया। कारोबार की समाप्ति पर यह गत दिवस की तुलना में 82.79 अंक ऊपर 36,563.88 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 में से 12 कंपनियों के शेयर लाल और शेष 18 के हरे निशान में रहे। मझौली और छोटी कंपनियों पर भी दबाव रहा।
बीएसई का मिडकैप 0.39 प्रतिशत चढ़कर 13,439.30 अंक पर और स्मॉलकैप 0.30 प्रतिशत की बढ़त में 12,894.23 अंक पर रहा। बीएसई में कुल 2,642 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,244 के शेयरों में तेजी और 1,240 में गिरावट रही जबकि 158 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंतत: अपरिवर्तित बंद हुये। निफ्टी 55.20 अंक की बढ़त में 10,872.80 अंक पर खुला।
कारोबार के दौरान इसका दिवस का निचला स्तर 10,804.85 अंक और उच्चतम स्तर 10,885.15 अंक रहा। अंतत: यह गत दिवस के मुकाबले 23.05 अंक चढ़कर 10,8840.65 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की 50 में से 33 कंपनियों के शेयर बढ़त में और शेष 17 के नुकसान में रहे।