Friday, 19 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

भाजपा सरकार लाठी-गोली के दम पर दबा रही है जनता की आवाज : कुलदीप बिश्नोई

Posted at: Sep 18 2019 6:38PM
thumb

हिसार। केन्द्रीय कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य  कुलदीप बिश्नोई ने आज आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में चूर भारतीय जनता पार्टी सरकार विभिन्न वर्गों  की बात सुनने की बजाय लाठी, गोली के दम पर उसे दबाने की कोशिशें कर रही  है। उन्होंने यहां आदमपुर में कहा कि पंचकूला में गेस्ट टीचर्स पर लाठीचार्ज की घटना दर्शाती है  कि अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाने के लिए भाजपा नेता कुछ भी कर  सकते हैं। कभी गेस्ट टीचर्स को पक्का करने की मांग को लेकर उनके साथ धरने  पर बैठने वाले भाजपा मंत्रियों को अब इनकी बात सुनना भी गवारा नहीं है।
 
बिश्नोई ने आरोप लगाया कि झूठा प्रचार करने में भाजपा ने सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं।  सरकारी धन का दुरूपयोग करके झूठे आंकड़ें एवं तथ्यहीन दावों से मनोहर लाल खट्टर  सरकार अपनी पीठ थपथपा  रही है, जबकि सच्चाई ये है कि पिछले पांच सालों में भाजपा के कुप्रबंधन के कारण राज्य कर्ज के बोझ तले दबा है। राज्य में न तो  कोई नया बड़ा बिजली संयत्र यह सरकार लगा पाई, न कोई बड़ी कंपनी राज्य में  ला पाई, जिससे नए रोजगारों का सृजन हो सकता और न ही प्रदेश के किसानों,  व्यापारियों, कर्मचारियों के उत्थान के लिए सही नीतियां ही बना पाई।