Wednesday, 08 May, 2024
dabang dunia

खेल

मुंबई को हरा शीर्ष पर पहुंची गोवा

Posted at: Nov 8 2019 2:02AM
thumb

मुंबई। मुंबई सिटी एफसी को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन में गुरुवार को एफसी गोवा ने उसके घर मुंबई फुटबाल एरेना में खेले गए मैच में 4-2 से हरा दिया। गोवा ने अधिकतर समय मुंबई पर दबदबा बनाए रखा। मुंबई ने दूसरे हाफ में जरूर दो गोल कर गोवा की बराबरी कर ली थी लेकिन मैच के अंतिम मिनटों में गोवा ने दो और गोल कर मुंबई के दर्शकों को मायूस लौटाया। इस जीत से गोवा के चार मैचों में दो जीत और दो ड्रॉ के साथ आठ अंक हो गए हैं। वह अब पहले स्थान पर आ गई है। दूसरे स्थान पर काबिज नॉर्थईस्ट युनाइटेड के भी आठ अंक हैं लेकिन गोवा गोल अंतर के मामले में उससे आगे है।
 
मुंबई की यह चार मैचों में दूसरी हार है। वह चार अंकों के साथ पांचवें स्थान पर ही बनी हुई है। मैच का दूसरा हाफ रोमांचक रहा जहां कुल चार गोल हुए। पहले हाफ में गोवा दो गोल करने में सफल रही थी। गोवा के लिए पहला गोल लैनी रोड्रिगेज ने किया। 27वें मिनट में ब्रेंडन फर्नांडेज ने बॉक्स के अंदर रोड्रिगेज को पास दिया। पहले हाफ के इंजरी टाइम में ‘ूगो बाउमोस ने सेरिटन को बॉक्स के अंदर पास दिया जिसे सेरिटन ने कोरो तक पहुंचा दिया। यहां कोरो ने मुंबई के खराब डिफेंस का फायदा उठाया और गोवा को 2-0 से आगे कर दिया। मेजबान टीम ने दूसरे हाफ के शुरुआती 10 मिनट में ही दो गोल कर बराबरी हासिल कर ली।
 
49वें मिनट में सार्थक ने लार्बी के साथ मिलकर मुंबई का पहला गोल किया। सार्थक के पास गेंद आई जिसे उन्होंने हैडर से नेट में डाला। सौविक चक्रवर्ती ने 55वें मिनट में बॉक्स के बाहर से गोल कर मुंबई को बराबरी पर ला दिया। बाउमोस ने 59वें मिनट में माउतोर्दा फाउल की मदद से गोवा के स्कोर शीट पर तीसरा गोल लिखवा दिया। बॉक्स के बाएं कोने से फाउल से पास गेंद आई जो बाद में बाउमोस के पास पहुंची और बाउमेस ने स्कोर लाइन को गोवा के पक्ष में 3-2 कर दिया।
 
गोल करने वाले बाउमेस 63वें मिनट में मैदान से बाहर चले गए। उनके स्थान पर ईदू बेदिया ने मैदान पर कदम रखा। आखिरी पलों में मुंबई ने बराबरी के काफी प्रयास किए और खिलाड़ियों की भी बदला। उसका कोई भी प्रयास और बदलाव उसके लिए तीसरा गोल नहीं ला सका बल्कि गोवा ही 89वें मिनट में अपना चौथा गोल करने में सफल रही। गोवा के लिए यह गोल कार्लोस पेना ने किया।