Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

बिज़नेस

सोना 525 रुपए उछलकर एक महीने के उच्चतम स्तर पर

Posted at: Dec 4 2019 4:51PM
thumb

नई दिल्ली। विदेशों में पीली धातु में गत दिवस आयी तेजी के के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 525 रुपये उछलकर एक महीने के उच्चतम स्तर 39,795 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुँच गया। चाँदी भी दो दिन की नरमी से उबरती हुई 800 रुपये की छलाँग लगाकर करीब एक महीने के उच्चतम स्तर  46,400 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बिकी।
विदेशों में सोना मंगलवार को 07 नवंबर के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुँच गया जिससे आज स्थानीय बाजार खुलते ही इसके दाम चढ़ गये। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, गत दिवस की तेजी के बाद आज सोने के भाव में मामूली गिरावट देखी गयी। सोना हाजिर 0.90 डॉलर टूटकर 1,475.25 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 3.20 डॉलर की गिरावट में 1,481.20 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध पर समझौते में देरी के संकेत से निवेशकों ने सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली पीली धातु का रुख किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि हो सकता है कि अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले यह समझौता न हो। इसके बाद सोने में तेजी देखी गयी। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चाँदी हाजिर 17.12 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही।