Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

देश

RSS कोई संस्था नहीं बल्कि समाज परिवर्तन का जन आंदोलन है: अरुण कुमार

Posted at: Jan 28 2020 1:32PM
thumb

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख अरुण कुमार ने परिचय संवाद कार्यक्रम में कहा कि संघ कोई संस्था नहीं है, बल्कि यह समाज परिवर्तन का एक बड़ा जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रारंभ से ही स्वयंसेवकों ने अपने मन में यह बात पक्की कर रखी कि जिन जिन बातों से संघ एक संस्था बन सकती है, वो बातें संघ में नहीं आनी चाहिए। बड़ा संगठन होने के बाद भी पूरे देश में आरएसएस के नाम पर कोई संपत्ति नहीं है। अरुण कुमार ने कहा कि जितनी भी संपत्ति है वह स्थानीय छोटी छोटी संस्थाओं के नाम से रहती हैं। संघ के नाम पर देश में कोई बैंक खाता नहीं है। किसी भी कारण से संघ का बैंक बैलेंस नहीं बनना चाहिए। संघ में गुरू दक्षिणा होती है।

उन्होंने कहा कि आरएसएस का लक्ष्य है व्यक्ति निर्माण के जरिए राष्ट्र का निर्माण। संघ में प्रारंभ से ही साधनों पर जोर नहीं दिया गया। हमने सबसे अधिक जोर कार्यकर्ता पर दिया और यही वजह है संघ की विशेषता उसका कार्यकर्ता है। अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख ने कहा कि सारे देश के भीतर भारत की अवधारणा की लड़ाई चल रही है। वास्तव में आरएसएस का जो विचार है उसके मूल में एक ही बात है वह ये कि भारत एक प्राचीन राष्ट्र है, एक राष्ट्र है, हिंदू राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि पश्चिम के देशों की राष्ट्र की अवधारणा एक प्रतिक्रिया से जन्मी है। उनसे भारत की तुलना नहीं की जा सकती। प्रथम विश्व युद्ध और द्वितीय विश्व युद्ध के बीच दुनिया में 40 नए देश बन गए।