Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

देश

भोजन छीने जाने की घटनाओं के बाद रेलवे ने स्टेशनों पर बढ़ाई सुरक्षा

Posted at: May 28 2020 6:45PM
thumb

भुवनेश्वर। देश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर प्रवासी श्रमिकों की ओर से भोजन छीने जाने की घटनाओं के बाद पूर्वी तटीय रेलवे (ईसीओआर) ने स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। ईसीओआर की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के यात्रियों को प्रत्येक दिन भोजन के एक लाख से अधिक पैकेट वितरित किए जाते हैं। यह पैकेट नामित स्टेशनों पर प्रवासी श्रमिकों को दिए जाते हैं। कई सप्ताह से  ईसीओआर के सभी स्टेशनों पर भोजन वितरण का कार्य सुचारु रूप से चल रहा था। इस बीच, खाने की ट्रॉलियों से खाने के पैकेट छीने जाने की घटनाओं की रिपोर्ट के बाद संबंधित रेलवे स्टेशनों पर रेलवे पुलिस बल के जवानों की संख्या बढ़ाई गयी है।                                                                                                                         
सूत्रों ने बताया कि अब श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के यात्रियों को आईआरसीटीसी के केटरिंग कॉन्ट्रैक्टर की ओर से रेलवे पुलिस के जवानों की निगरानी में खाना वितरित किया जाएगा। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की जाएगी। सीओआर के अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक श्रमिक स्पेशन ट्रेन में महिलाओं और बुजुर्गों के अलावा बच्चे भी होते हैं और यदि इसी तरह से कुछ युवाओं द्वारा खाना छीने जाने की घटनाएं होती रहीं तो कई लोगों को भोजन से वंचित रहना पड़ सकता है। इसको देखते हुए संबंधित स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। गौरतलब है कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) के मद्देनजर लागू लॉकडाउन के बीच प्रवासी श्रमिकों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें भोजन तथा पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से भी जूझना पड़ रहा है।