Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

खेल

भारत में फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप की तैयारियों पर हुई चर्चा

Posted at: Jul 2 2020 10:15PM
thumb

मुंबई। फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप की स्थानीय आयोजन समिति ने टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर महाराष्ट्र के खेल मंत्री सुनील केदार, वेस्टर्न इंडिया फुटबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं राज्य के पर्यटन और पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिये चर्चा की। 23 जून को महिला विश्व कप की नई तारीख जारी होने के बाद महाराष्ट्र में टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर यह पहली मुख्य बैठक है। अंडर-17 महिला विश्व कप भारत की मेजबानी में वर्ष 2021 में 17 फरवरी से सात मार्च तक आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट इस साल नवम्बर में आयोजित होना था लेकिन कोरोना के कारण इसे अगले वर्ष स्थगित कर दिया गया था। अहमदाबाद, भुवनेश्वर, गुवाहाटी, कोलकाता और नवी मुंबई टूर्नामेंट के पांच मेजबान शहर हैं और 16 टीमों के 32 मैचों की मेजबानी करेंगे। उद्घाटन मैच 17 फरवरी को गुवाहाटी में खेला जाएगा जबकि फाइनल सात मार्च को नवी मुंबई में होगा।
सुनील केदार ने कहा - मैं तैयारियों को लेकर पिछले वर्ष हुई प्रगति के बारे में जानकर बहुत खुश हूं। महाराष्ट्र के लिए इस टूर्नामेंट की मेजबानी करना बहुत सम्मान की बात है। खेल और खेल भावना समय की जरूरत हैं। महाराष्ट्र के खेल विभाग ने टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग और समर्थन देने का आश्वासन दिया है। यह बैठक विश्व कप की आवश्यकताओं को समझने में और अच्छी तरह से मदद करेगी। 
आदित्य ठाकरे ने कहा - हम अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी करने को लेकर गर्व महसूस कर रहे हैं।
नवी मुंबई ने 2017 में एक टूर्नामेंट की सफलतापूर्वक मेजबानी की थी। कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के कारण पिछले कुछ महीने कठिन रहे हैं लेकिन हम जानते हैं कि स्थिति में सुधार होगा। खेल कठिनाइयों से उबरने का एक बहुत अच्छा माध्यम है। आगामी महीनों में हम खेलों में महिलाओं के विकास और फुटबॉल में उनकी भागीदारी को बढ़ाने के लिए लिए कार्यक्रम शुरू करेंगे। महाराष्ट्र देश में पहला महिला फुटबॉल विश्व कप के आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण रूप से परिश्रम करेगा।