Sunday, 05 May, 2024
dabang dunia

प्रदेश

खेलते-खेलते कार में पहुंचे भाई-बहन, अंदर से गाड़ी हो गई लॉक, दम घुटने से 2 बच्चों की मौत

Posted at: Apr 25 2024 4:19PM
thumb

महाराष्ट्र के मुबंई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो बच्चों के शव कार के अंदर से मिले हैं। ये दोनो बच्चे खेलते-खेलते अपने घर से कार में आ गए थे और कार का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया था। इस वजह से दम घुटने से उन दोनों की मौत हो गई । फिलहाल पुलिस की टीम ने शवों को कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।

घटना मुंबई के एंटॉप हिल इलाके की है। खबरों के मुताबिक, इस इलाके में ये दोनों भाई-बहन अपने माता-पिता के साथ रहते थे। इनमें एक सात साल का लड़का और उसकी 5 साल की एक बहन थी। 24 अप्रैल को दोनों भाई-बहन घर से खेलने के लिए निकले थे। इनके परिवार वालों के मुताबिक, दोनों बच्चे काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे थे। इसके बाद इनके माता-पिता ने ढूंढने के लिए खोजबीन शुरू की थी।

काफी देर हो गई थी लेकिन बच्चे कहीं नहीं मिले, इसके बाद घबराए माता-पिता पास के पुलिस थाने पहुंच गई। माता-पिता ने दोनों के लिए थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई और पुलिस से बच्चों को ढूंढने के लिए गुहार लगाई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने तुरंत बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज कर, मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में सीसीटीवी फुटेज की जांच की। साथ ही आसपास के इलाके में भी बच्चों की तलाशी की गई लेकिन बच्चों का कही पता नहीं चल सका।

इस दौरान पुलिस की नजर पास के इलाके में खड़ी एक पुरानी कार पर गई। यह कार मिट्टी और धूल में लिपटी हुई थी। पुलिस को दोनों बच्चों के शव एक इसी कार के अंदर से मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चे ने खेलते हुए इस गाड़ी को अंदर से लॉक कर लिया था। इस दौरान दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। मृत लड़के का नाम साजिद और लड़की का नाम मुस्कान है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच जारी है। वहीं मृतक बच्चों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।