Friday, 19 April, 2024
dabang dunia

उत्तराखंड

17अप्रैल से भाजपा की ‘भ्रष्टाचार हटाओ, उत्तराखंड बचाओ’ यात्रा

Posted at: Apr 17 2016 6:53PM
thumb

देहरादून। प्रदेश में कांग्रेस शासन के दौरान हुए भारी भ्रष्टाचार और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा विधायकों की खरीद फरोख्त के प्रति जनता को जागरूक करने के लिए भाजपा ने ‘भ्रष्टाचार हटाओ, उत्तराखंड बचाओ’ यात्रा की शुरूआत की। हरिद्वार में हर की पौडी पर गंगा पूजन के साथ यात्रा की शुरूआत करने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि पूरे प्रदेश में घूमने वाली इस यात्रा के दौरान पार्टी कांग्रेस के कारनामों को जनता को बताएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उत्तराखंड को गर्त में ढकेल दिया है। भट्ट ने कहा कि इस यात्रा में राज्य में कांग्रेस शासन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व उनकी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए भारी भ्रष्टाचार, सरकार बचाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा विधायकों की खरीद फरोख्त आदि की पोल खोल जाएगी।

भट्ट के नेतृत्व में यह यात्रा 18 अप्रैल को हलद्वानी पहुंचेगी और इसके बाद 19 अप्रैल को देहरादून आएगी। अगले चरण में यात्रा प्रदेश के अन्य हिस्सों में जायेगी और इस दौरान प्रदेश पार्टी अध्यक्ष प्रत्येक जिला केंद्र (संगठनात्मक) पर जिला अध्यक्ष को यात्रा का ध्वज देंगे जिसे लेकर कार्यकर्ता उस जिले में हर विधानसभा क्षेत्र व मण्डल (संगठनात्मक) स्तर तक जाऐंगे। यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा विधायकों की कथित सौदेबाजी से सम्बंधित सीडी भी जनता को दिखाई जायगी और साथ ही एक पत्रक भी जनता में बांटा जाएंगा।