Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

मध्यप्रदेश: मुंगावली में शिवराज और सिंधिया के रोड शो

Posted at: Feb 19 2018 9:37PM
thumb

अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा उपचुनाव की तारीख नजदीक आते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस का चुनाव प्रचार भी जोर पकड़ता जा रहा है। भाजपा की ओर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस की ओर से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रोड शो किए। चौहान सोमवार को निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से मल्हारगढ़ पहुंचे। उन्होंने मल्हारगढ़ में चुनावी प्रचार की शुरुआत लक्ष्मीनारायण मंदिर के दर्शनों के साथ की।

भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद वे सभा स्थल पहुंचे और वहां मौजूद जनता से आशीर्वाद मांगा। अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री कूटनीतिक तरीके से कांग्रेस को घेरते नजर आए। उन्होंने मल्हारगढ़ के होने वाले उस दौरे का जिक्र किया, जो कि आचार संहिता लागू हो जाने के कारण निरस्त किया गया था।

चौहान ने उस दौरान की जाने वाली घोषणाओं का हवाला देते हुए कहा कि वे घोषणाएं नहीं कर सकते, अगर उस दिन आता तो यह सारी घोषणाएं हो जाती, अगर अभी घोषणाएं करूंगा, तो कांग्रेसियों का काम है उनकी शिकायतें करना। मुख्यमंत्री ने कहा कि आचार संहिता खत्म होते ही वे होंगे और मल्हारगढ़ की जनता होगी। उन्होंने अपने भाषण में पहले स्वीकृत की जा चुकी सड़कों के बारे बोलते हुए कहा कि यह तो ट्रेलर है, फिल्म तो 28 तारीख के बाद शुरू होगी। मल्हारगढ़ और आसपास के क्षेत्र में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।