Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

बिहार

विशेष राज्य की मांग पर नीतीश भी दिखाए हिम्मत- तेजस्वी

Posted at: Mar 8 2018 3:19PM
thumb

पटना। आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिए जाने से नाराज तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के केन्द्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार से अलग होने फैसले के बाद बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग एक बार फिर से उठाते हुए इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राजग से अलग होने की चुनौती दी है।

यादव ने माइक्रो ब्लॉंगिग साइट ट्विटर के जरिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और केन्द्र सरकार बिहार की विशेष दर्जे की जायज मांग को अस्वीकार करते है तो नीतीशजी को अंतरात्मा की आवाज पर तुरंत इस्तीफा देकर राजग से गठबंधन तोड़ना चाहिए। कुछ तो हिम्मत दिखाइए चाचा जी। हम इस मांग पर साथ हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने एक अन्य ट्वीट में लिखा हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राजग से अलग होने के बाद तेदेपा ने भी केन्द्र की राजग सरकार से अलग होने का निर्णय लिया है। महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार की सहयोगी शिवसेना पहले ही 2019 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा कर चुकी है। बिहार-झारखंड में राजग के कई घटक अलग होने वाले हैं। वेट एंड वॉच।