Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

पंजाब

सीमा पार से आई करोड़ों की हैराइन बरामद

Posted at: Mar 14 2018 3:53PM
thumb

तरनतारन। पंजाब में तरनतारन के खालड़ा सेक्टर में भारत-पाक सीमा के नजदीक से सीमा सुरक्षा बल ने एक तस्कर को करोड़ों रुपये की हैरोइन और अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। तस्कर से बरामद हैरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 45 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

बीएसएफ प्रवक्ता उपमहानिरीक्षक आर एस कटारिया ने बताया कि मादकपदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पंजाब फ्रंटियर के महानिरीक्षक मुकुल गोयल के निर्देशानुसार सीमा पर कड़ी निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जवानों ने बुधवार तड़के सीमा पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं। जिसके बाद सुरक्षा बल के जवानों ने मोर्चा संभाला और टेलिस्कोप से देखने पर पता चला कि पाकिस्तान की तरफ से खालड़ा सीमा के नजदीक फैंकी गई हैरोइन को उठा कर दो तस्कर भाग रहे हैं। सुरक्षा बल की 87 बटालियन के जवानों ने इनमें से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अन्य अंधेरे का लाभ उठाते हुए भागने में सफल रहा। 

कटारिया ने बताया कि सुरक्षा बल द्वारा पकड़े गए तस्कर से पूछताछ कर उसके अन्य सूत्रों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। उन्होने बताया कि बीएसएफ ने इस माह अब तक 64 किलो 815 ग्राम हैरोइन बरामद की है। इसके अतिरिक्त जवानों ने भारतीय सीमा लांघने के आरोप में 17 लोगों को गिरफ्तार किया है तथा दो पाकिस्तानी घुपैठिये मार गिराए हैं। इसके अतिरिक्त 13 मैग्जीन, छह हैंड ग्रेनेड, 280 कारतूस, सात भारतीय मोबाईल, नौ सिम कार्ड, पाकिस्तान के तीन मोबाईल, 1065 पाकिस्तानी रुपये और नौ हथियार बरामद किए हैं।