Thursday, 18 April, 2024
dabang dunia

झारखण्ड

पिता को नहीं भाया बेटी का प्रेम, तो प्रेमी ने प्रेमिका के पूरे परिवार को दे दी मौत

Posted at: Apr 2 2018 6:28PM
thumb

चाईबासा। गुवा थाना क्षेत्र की दूधबिला पंचायत के कोलायसाई गांव में खूनी खेल खेला गया। एक साथ एक ही परिवार के लोगों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को सीआरपीएफ जवानों की मदद से गुवा से करीब 45 किलोमीटर भीतर दुर्गम जंगल से चार लोगों के कंकाल बरामद किए हैं। चारों कंकाल पहले नोवामुंडी थाने में लाए गए। वहां से इन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया।
बताया गया है कि कोलायसाई चेतन टोला के राम सिंह सिरका की बेटी मुगी सिरका का प्रेम प्रसंग डाकुवा के बेटे सेलाय बोयपाई से चल रहा था। राम सिंह सिरका इसका विरोध कर रहा था। इन लोगों का आपस में जमीन को लेकर भी विवाद होने की बात कही जा रही है। 14 मार्च की रात को सेलाय ने आठ लोगों के साथ मिलकर राम सिंह सिरका समेत पांच लोगों की हत्या कर दी थी। घटना के 14 दिन बाद 25 मार्च को पुलिस ने राम सिंह सिरका की सिर कटी लाश जंगल से बरामद की थी। उस समय किसी को यह अंदाजा नहीं था कि हत्यारों ने राम सिंह की पत्नी, बेटी और दो रिश्तेदारों की भी उसी दिन हत्या कर दी थी। हत्याकांड के दिन से पत्नी, बेटी और दो बेटों को लापता मानकर पुलिस ने खोजबीन शुरू की थी। शनिवार को किरीबुरू डीएसपी को सूत्रों से पता चला कि कोलायसाई के जंगल में चार नरकंकाल देखे गए हैं। इसके बाद सीआरपीएफ जवानों की मदद से पुलिस ने इस दुर्गम क्षेत्र से नरकंकाल बरामद किया है।
गुवा थाने में पुलिस ने राम सिंह सिरका हत्याकांड मामले में उसके भाई जेटेया सिरका के बयान पर पहले ही नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इनमें मासा बोयपाई, दुलबो बोयपाई, सेलाय बोयपाई, तुंबा बोयपाई, सोमा सिरका, कडि़या सिरका, जर्मन सिरका व राम सिरका का नाम शामिल है। ये सभी गांव छोड़कर फरार हैं। पुलिस इनकी खोजबीन में जुट गई है।