Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

झारखण्ड

आंधी और ओलावृष्टि ने ढाया कहर, एक बच्चे की मौत

Posted at: Apr 2 2018 6:29PM
thumb

जमशेदपुर। कोल्हान प्रमंडल में रविवार को आंधी और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। मंडल के तीनों जिलों मं आंधी-पानी ने खूब तबाही मचाई। घंटों बिजली गुल रही। कई घरों के छप्पर आंधी में उड़ गए। आम के टिकोले झड़ गए हैं। जमशेदपुर में तेज आंधी-पानी के कारण दर्जनों पेड़ उखड़ कर सड़क पर गिर गए। कई जगह यातायात बाधित रहा। बिरसानगर में दीवार गिरने से डेढ़ वर्षीय बच्चे की दबकर मौत हो गई। दो लोग जख्मी भी हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार आंधी के दौरान 105 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। आम, गेंहू और सब्जी को नुकसान पहुंचा है। इस दौरान बिरसानगर थाना के लालटांड में छप्परनुमा घर की दीवार गिरने से दबकर डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मां मंगरू लोहार व पिता राजू लोहार घायल हो गए। मंगरू लोहार के सिर में चार टांके लगे हैं। आस्था टयून सिटी से सटे लालटांड में ओम प्रकाश सिंह का मकान है। उसकी चहारदीवारी से सटे राजू लोहार व गणोश कर्मकार का झोपड़ीनुमा मकान है। आंधी के चलते सभी घर में दुबके थे। इसी बीच चहारदीवारी गिर गई जिससे राजू लोहार के पुत्र की मौत हो गई। घर भी क्षतिग्रस्त हो गए। उधर, पेड़ गिरने से जुगसलाई समेत कई इलाकोंमें दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। शहर में शाम को ही सन्नाटा पसर गया। दुकानें बंद हो गईं। देर शाम तक हल्की बारिश होती रही।
उधर, घटना को लेकर सीएम ने कहा कि आंधी और बारिश की वजह से हुए हादसे में दीवार गिरने से जमशेदपुर में एक बच्चे की आकस्मिक मौत से मन द्रवित है, पीड़ित परिवार को 24 घंटे के भीतर 4 लाख की मदद दी जाएगी। दाह संस्कार के लिए उसके गरीब मां-बाप को अविलंब 10 हजार की आर्थिक सहायता दी गई।