Friday, 19 April, 2024
dabang dunia

झारखण्ड

देश को लूटने वाले नेता, मोदी को हटाने के लिए हो रहे एकजुटः रघुवर दास

Posted at: Apr 9 2018 5:38PM
thumb

रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सभी विपक्षी नरेन्द्र मोदी को हटाने के लिए एकजुट हो रहे हैं। सीएम रविवार को रांची में आयोजित रौतिया समाज के अधिवेशन के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। 
सीएम ने अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस के साथ-साथ झामुमो पर निशाना साधा। झारखंड में इनके गठबंधन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस देश में 60 वर्ष तक शासन किया। उस दौरान किए गए कुकर्मो को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साफ कर रहे हैं, इसमें कुछ समय लग सकता है। पिछले 60 साल में काग्रेस ने विकास नहीं जातपात और जमात की राजनीति की है। बेरोजगारी-गरीबी कांग्रेस की देन है।
झामुमो पर निशाना साधते हुए सीएम रघुवर ने कहा कि झामुमो आंदोलनकारी नहीं बल्कि बिकाऊ पार्टी है। झामुमो सांसदों ने दो-दो करोड़ रुपये लेकर झारखंड आंदोलन को बेचने का काम किया है नहीं तो 1993 में ही झारखंड बन गया होता। उन्होंने कहा कि किसी को यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि अलग झारखंड झामुमो की देन है। झारखंड को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया है। पूरा देश जानता है कि नरसिम्हा राव की सरकार के समय किस तरह से सांसद रिश्वतकांड हुआ था और पूरे देश में झारखंड शर्मसार हुआ था। 
झामुमो, कांग्रेस व राजद ने राज्य में सरकार बनवाकर झारखंड को लूटने का काम किया और अब झारखंड को लूटने वाले एक हो रहे हैं। राष्ट्रविरोधी शक्तियां एक हो रहीं हैं। 
---रौतिया समाज को एसटी सूची में शामिल करने के लिए सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रौतिया समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि एसटी सूची में शामिल करने की उनकी मांग को लेकर सरकार गंभीर है। इससे संबंधित अनुशंसा 2004 में अनुशंसा भेजी गई थी। जिस पर मामले से संबंधित कुछ जानकारी मांगी गई थी, जिसे संशोधित करके दोबारा 6 अप्रैल 2012 को केंद्र को अनुशंसा भेजी जा चुकी है। राज्य सरकार ने अपना काम कर दिया है अब जो करना है, केंद्र सरकार को करना है। सीएम ने घोषणा की कि रौतिया समाज के लोगों को बोर्ड-निगम में जगह दी जाएगी। उन्होंने अखिल भारतीय रौतिया समाज के फंड में तीन लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने रौतिया समाज के लोगों को अनुरोध किया कि वे शिक्षित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वाहन करें। उन्होंने इस दौरान महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार के स्तर से चलाई जा रही योजनाओं की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि झारखंड से गरीबी दूर करना उनकी प्राथमिकता है।
अधिवेश ने में शामिल हुए राष्ट्रीय जनजातीय आयोग के चेयरमैन नंदकुमार साय ने कहा कि आयोग का काम किसी भी जाति को एसटी सूची में शामिल करना नहीं है, बल्कि इससे जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है। आयोग के अधिकार बहुत सीमित हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनी है। जो किसी भी जाति को एसटी में शामिल करने के लिए उनकी परंपरा, रीति-रिवाज, रहन-सहन व अन्य परिस्थितियों का आकलन कर अपनी रिपोर्ट देगी।
लालदेव सिंह रौतिया समाज के प्रदेश अध्यक्ष लालदेव सिंह ने कहा कि चालीस वर्षों से रौतिया समाज को एसटी सूची में शामिल करने की माग उठती रही है लेकिन कांग्रेस ने इसे पूरा नहीं किया। वर्तमान में केंद्र व राज्य सरकार से बहुत उम्मीदें हैं।