Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

विदेश

खाने के लिए मिला सेब बैग में रखा तो 33 हजार का जुर्माना

Posted at: Apr 25 2018 2:44PM
thumb

वॉशिंगटन। प्लेन में मिली खाने-पीने की चीज को बाद में खाने के लिए बैग में रखना काफी भारी साबित हो सकता है। एक महिला यात्री के साथ अमेरिका में ऐसा हुआ। उसे प्लेन में खाने के लिए सेब दिया गया था। उसने बाद में खाने के लिए सेब को बैग में रख लिया। यूनाइटेड स्टेट्स कस्टम एंड बॉर्डर के अधिकारियों ने उस पर 500 डॉलर का जुर्माना लगा दिया, क्योंकि महिला ने यह नहीं बताया था कि वह पेरिस से आई डेल्टा एयरलाइन की फ्लाइट में मिला सेब लेकर आ रही है।
पीड़ित क्रिस्टल टैडलॉक ने कहा कि उसने यात्रा के दौरान फ्लाइट में मिले सेब को मिनियापोलिस से डेनवर की यात्रा के लिए बचाकर बैग में रख लिया था। कस्टम अधिकारियों ने उनके बैग की औचक जांच की। क्रिसटल के मुताबिक एजेंट ने उनसे पूछा कि क्या फ्रांस से उनकी ट्रिप महंगी थी? इस पर हां कहा तो एजेंट ने कहा कि अब यह और भी महंगी साबित होने जा रही है, क्योंकि उनके बैग से सेब मिलने के बाद अमेरिकी सीमा शुल्क विभाग 500 डॉलर जुर्माना लगा रहा है।
महिला के बैग से सेब जब्त
क्रिस्टल कोलोराडो के डेनवर जाने वाली थीं। इसी दौरान पहली उड़ान के बाद मिनियापोलिस में अमेरिकी सीमा शुल्क के जवानों ने उनकी तलाशी ली तो महिला के बैग से सेब जब्त किया गया। सेब डेल्टा एयरलाइंस के प्लास्टिक के बैग में था। महिला ने अधिकारियों को बताया भी कि उसे यह सेब फ्लाइट में दिया गया, लेकिन उसकी एक नहीं सुनी गई। डेल्टा एयरलाइन ने सिर्फ इतना कहा है कि यात्रियों को कस्टम्स के नियमों का पालन करना चाहिए। कस्टम्स के डिक्लेरेशन फॉर्म में पूछा जाता है कि क्या वे अपने साथ कोई फल या सब्जी लेकर आ रहे हैं।