Wednesday, 24 April, 2024
dabang dunia

पंजाब

शाहकोट उम्मीदवार का टिकट रद्द करें राहुल: सुखपाल खैहरा

Posted at: May 4 2018 4:51PM
thumb

जालंधर। पंजाब विधानसभा में नेता विपक्ष सुखपाल सिंह खैहरा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मांग की है कि वह शाहकोट उपचुनाव के उम्मीदवार हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया की टिकट रद्द करें। शेरोवालिया पर मेहतपुर पुलिस थाना में अवैध खनन का मामला दर्ज किया गया है।
खैहरा ने कहा कि गांधी और कांग्रेस पार्टी जीरो टोलरेंस की बात करती है लेकिन इसके विपरीत पंजाब कांग्रेस और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भ्रष्टाचारियों का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस के नेता अवैध खनन, गुंडा टैक्स और माफिया में संलिप्त हैं। शाहकोट उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार पर अवैध खनन का मामला दर्ज होने से राज्य में पार्टी का चेहरा दागदार हो गया है। 40 दिन पहले शेरोवालिया का अवैध खनन को लेकर गुंडा टैक्स वसूली संबंधी एक वीडियो भी वायरल हो चुका है।
शेरोवालिया के खिलाफ मामला दर्ज करने वाले पुलिस निरीक्षक ने पुलिस और प्रशासन के भारी दवाब के चलते अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। इसलिए पुलिस से उचित जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती। खैहरा ने राहुल गांधी से मांग की है कि वह शेरोवालिया मामले की न्यायिक जांच करवाएं तथा दोषी के खिलाफ सख्त कारवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
---सरकार पर इतिहास से छेड़छाड़ करने का आरोप
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की पाठ्य पुस्तकों में से सिख इतिहास के अध्यायों को समाप्त करने संबंध में खैहरा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सिख इतिहास से जानबूझ कर छेड़छाड़ की गई है और सरकार के अधिकारियों ने यह माना भी है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर कैप्टन सिंह कोरा झूठ बोलते रहे हैं इसलिए वह राज्य की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। खैहरा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने राजस्थान के एक व्यक्ति को पीएसइबी का अध्यक्ष नियुक्त किया है जिसे पंजाब और सिख इतिहास के बारे में कुछ भी मालूम नहीं इसलिए पाठ्य पुस्तकों से छेड़छाड़ होना संभावित ही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पीएसइबी के अध्यक्ष को हटा कर उसके स्थान पर किसी पंजाबी व्यक्ति को नियुक्त किया जाए।
दिल्ली स्थित दयाल सिंह मजीठिया कॉलेज का नाम बदलने संबंध में अपनी  प्रतिक्रिया देते हुए खैहरा ने कहा कि पाकिस्तान ने भी वहां स्थित दयाल सिंह मजीठिया कॉलेज का नाम नहीं बदला है लेकिन देश में भारतीय जनता पार्टी भगवाकरण के एजेंडे को लागू करने के लिए साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सहयोगी अकाली दल न ही श्री दरबार साहिब के लंगर पर लगे जीएसटी को माफ करवा पाई है और न ही कॉलेज का नाम बदलने से रोक सकी है। अकाली दल गुजरात में 50 हजार पंजाबियों की जमीनें भी नहीं बचा सकी तो फिर वह अभी तक भाजपा में सहयोगी क्यों है। उन्होने केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल को चुनौती देते हुए कहा कि वह दयाल सिंह मजीठिया कॉलेज का नाम बहाल करवाएं और लंगर पर लगे जीएसटी को माफ करवाएं अन्यथा केन्द्र में अपने पद से त्यागपत्र दें।