Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

खेल

बैडंमिटन खिलाड़ियों को 1.30 करोड़ रुपए का पुरस्कार

Posted at: May 5 2018 6:24PM
thumb

नई दिल्ली। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले बैडंमिटन खिलाड़ियों को भारतीय बैडंमिटन संघ ने शनिवार को एक करोड़ 30 लाख रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया। भारतीय बैडंमिटन संघ के अध्यक्ष डॉ हिमांता बिस्वा सरमा और भारतीय ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र ध्रुव बत्रा ने यहां एक समारोह में खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार प्रदान किये। इस अवसर पर भारतीय बैडंमिटन टीम के लगभग सभी खिलाड़ी मौजूद थे। राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर पहली बार स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम को 50 लाख रुपये दिए गए।

टीम में शामिल 10 सदस्यों को 5-5 लाख रुपए मिलेंगे। महिला एकल में स्वर्ण पदक जीतने वाली सायना नेहवाल को 20 लाख रुपए दिए गए जबकि रजत जीतने वाले खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और पीवी सिंधू को 10-10 लाख रुपए दिए गए।सात्विकसैराज रेकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी को 15 लाख रुपए (7.5 लाख रुपए प्रत्येक) तथा अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की महिला युगल जोड़ी को 7.5 लाख रुपए (3.75 लाख रुपए प्रत्येक) दिए गए।

इस अवसर पर टीम के कोंचिग स्टाफ को भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद को 10 लाख रुपए दिए गए जबकि युगल विदेशी  कोच तान किम हेर को तीन लाख रुपए दिए गए। सहायक कोच उल्लाह सिद्दीकी को डेढ़ लाख रुपए दिए गए। किरण, जानसन और गायत्री (फिजियो) को एक-एक लाख रुपए मिले।