Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

खेल

हॉकी : एशियाई चैपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने जापान को 4-1 से हराया

Posted at: May 14 2018 12:07PM
thumb

डोंघइ सिटी ( कोरिया )। नवनीत कौर की हैट्रिक की बदौलत भारत ने आज यहां पांचवें एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के शुरूआती मैच में जापान को 4-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया। 
युवा फारवर्ड नवनीत ने सातवें, 25 वें और 55 वें मिनट में गोल दागे जबकि टीम के लिए एक अन्‍य गोल अनूपा बार्ला (53 वें मिनट ) ने किया।
भारतीय टीम ने शुरू से ही खेल पर दबदबा कायम किया और बेहतरीन रणनीति बनाते हुए जापानी डिफेंस पर हमला किया। फारवर्ड वंदना कटारिया और लिलिमा मिंज ने सर्कल में मौका बनाया। नवनीत ने वंदना की मदद से इसके गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 से आगे कर दिया।
टीम ने निरंतर प्रदर्शन जारी रखते हुए जापान पर दबदबा बनाये रखा। कप्तान सुनीता लाकड़ा की अगुवाई वाले मजबूत डिफेंस ने सुनिश्चित किया कि जापान के खिलाड़ी सर्कल में सेंध नहीं लगा सकें। 
नवनीत ने फिर सर्कल के ऊपर से वंदना की मदद से 25 वें मिनट में भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। तीसरे क्वार्टर में भी यही सिलसिला जारी रहा, जिसमें बारिश ने भी बाधा पहुंचाई। तीसरे क्वार्टर में भारत ने लगातार पेनल्टी कार्नर हासिल किए लेकिन दीप ग्रेस एक्का और गुरजीत कौर इन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकीं। इसी क्वार्टर में जापान को भी लगातार तीन पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन भारत की अनुभवी गोलकीपर सविता के सामने इनका लाभ नहीं उठा सके। उदिता की मदद से अनूपा बार्ला ने विपक्षी डिफेंडर को पछाड़ते हुए भारत के लिए तीसरा गोल दाग दिया।
टीम का चौथा गोल जवाबी हमले में हुआ जब जापान ने 55 वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर गोल करने का मौका गंवाया। नवनीत ने उदिता को पास दिया और फिर खुद बेहतर कोण से आसानी से इसे गोल में डाल दिया। जापान के लिये सांत्वना गोल 58 वें मिनट में अकी यामाडा ने दागा।