Saturday, 27 April, 2024
dabang dunia

खेल

टीम इंडिया के कप्‍तान ने मोदी को दी चुनौती, PM बोले - विराट मुझे...

Posted at: May 24 2018 4:09PM
thumb

नई दिल्ली। देश में चल रहे फिटनेस चैलेंज में अब एक नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम भी जुड़ गया है जिन्होंने भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली की चुनौती को न सिर्फ स्वीकार किया है बल्कि जल्द ही अपने फिटनेस मंत्रा को दुनिया के सामने दिखाने का वादा भी किया है।
मोदी ने गुरूवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर कहा कि वह विराट की चुनौती को स्वीकार करते हैं और जल्द ही सोशल साइट पर इसका वीडियो भी शेयर करेंगे। प्रधानमंत्री ने लिखा - विराट मुझे आपकी चुनौती स्वीकार है। प्रधानमंत्री ने न सिर्फ विराट की चुनौती को स्वीकार किया है बल्कि उनकी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर महेंद्र सिंह को भी चुनौती दी है। 
मोदी हालांकि हमेशा ही अपनी फिटनेस को लेकर चर्चा में रहते हैं। भारत के योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का श्रेय भी प्रधानमंत्री को जाता है जिनकी पहल के बाद 21 जून को दुनियाभर में योग दिवस मनाया जाने लगा है। गौरतलब है कि केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर की पहल 'हम फिट तो इंडिया फिट' की तर्ज पर फिटनेस चैलेंज की शुरूआत की गई है। खेल मंत्री और ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज राठौर ने विराट, सायना नेहवाल और अभिनेता रितिक रौशन को फिटनेस चैलेंज दिया था। गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू और रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी राठौर के इस फिटनेस चैलेंज को स्वीकार किया है।