Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

बिज़नेस

गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

Posted at: Jul 13 2018 5:06PM
thumb

मुंबई। सकारात्मक कारोबारी धारणा के बल पर गुरुवार को नई बुलंदियों को छूने वाला बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स मुनाफावसूली के दबाव में कारोबार की समाप्ति पर आज 6.78 अंक लुढ़ककर 36,541.63 अंक पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी भी पांच माह के उच्चतम स्तर से लुढ़कता हुआ 4.30 अंक टूटकर 11,018.90 अंक पर रहा।
विदेशी बाजारों से मिले मजबूत संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट की बदौलत सेंसेक्स गुरुवार को 282.48 अंक की छलाँग लगाकर अब तक के उच्चतम स्तर 36,548.41 अंक पर रहा था। निफ्टी भी 74.90 अंक की बढ़त में पांच माह बाद 11,000 अंक के पार 11,023.20 अंक पर पहुंचा था।
विदेशी बाजारों के तेजी में रहने की खबरों से उत्साहित निवेशकों की लिवाली के दम पर सेंसेक्स की शुरुआत मजबूत रही। यह 86.73 अंक की तेजी में 36,635.14 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार के दौरान यह 36,740.07 अंक के ऐतिहासिक उच्चतम स्तर तक पहुंचा। लेकिन, बाद में मुनाफावसूली हावी होने से 36,501.61 अंक के दिवस के निचले स्तर को छूता हुआ यह गत दिवस की तुलना में 0.02 प्रतिशत की गिरावट में 36,541.63 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 15 कंपनियाँ हरे निशान में और शेष 15 लाल निशान में रहीं।