Thursday, 28 March, 2024
dabang dunia

विदेश

अजीबोगरीब घटना... पुलिसवालों ने किया टॉस और महिला हो गई गिरफ्तार

Posted at: Jul 16 2018 10:44AM
thumb

जॉर्जिया। जॉर्जिया में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां दो महिला पुलिस अधिकारियों ने सिक्का उछालने के बाद एक दोषी महिला को गिरफ्तार किया। इस घटना के बाद दोनों महिला अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। जार्जिया पुलिस के बयान और जारी किए गए वीडियो के मुताबिक यह घटना अप्रैल महीने की है। दोषी महिला सारा वेबर नियमों का उल्लंघन कर गीली सड़क पर 80 मील प्रति घंटे की रफ्तार से कार चला रही थी।
दोनों महिला पुलिस अधिकारियों ने उसे बीच रास्ते में ही पकड़ लिया। कार्रवाई करने पर दोषी सारा माफी मांगने लगी और कहा की वह काम पर जाने के लिए लेट हो रही थी, इसी वजह से तेज कार चला रही थी। सारा एक हेयर सैलून में काम करती थी। इसके बाद दोनों महिला पुलिस अधिकारी इस बात पर चर्चा करने लगीं कि दोषी महिला का छोड़ा जाए या गिरफ्तार किया जाए। इस बात का फैसला करने के लिए उन्होंने एक नया तरीका निकाला।
दोषी महिला को सजा देने के लिए पुलिस अधिकारियों ने सिक्का उछालने का निर्णय लिया। दोनों ने फैसला किया कि अगर हेड आया तो दोषी महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और अगर टेल आया तो उसे छोड़ दिया जाएगा। वीडियो के अनुसार, अधिकारी कोर्टनी ब्राउन ने अपने मोबाइल फोन पर 'क्वाइन फ्लिप ऐप' का इस्तेमाल किया।
टॉस दोषी महिला सारा वेबर के खिलाफ आया और जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। जॉर्जिया के एक न्यूज स्टेशन ने वीडियो की जानकारी सारा को दी, जिसके बाद उसने कोर्ट में अपील की है कि पुलिस अधिकारियों ने उसे गलत तरीके से गिरफ्तार किया है, इसलिए उसे सभी आरोपों से बरी कर दिया जाए और छोड़ दिया जाए।