Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

खेल

एशियाड में हर टीम के खिलाफ 100 फीसदी प्रदर्शन करेंगे : हॉकी कोच

Posted at: Jul 17 2018 3:25PM
thumb

बेंगलुरू। भारतीय पुरूष हॉकी टीम के कोच हरेंद्र सिंह और महिला टीम के कोच शुअर्ड मरीने ने अगस्त में इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबांग में होने वाले एशियाई खेलों में अच्छे प्रदर्शन का भरोसा जताते हुए कहा है कि वे टूर्नामेंट में किसी टीम को भी हल्के में नहीं लेंगे और शत-प्रतिशत प्रदर्शन करेंगे।
 पी आर श्रीजेश की कप्तानी वाली पुरूष हॉकी टीम 18वें एशियाई खेलों में हांगकांग के खिलाफ और रानी की अगुवाई वाली महिला हॉकी टीम कजाखिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत करेगी। भारत के पूल ए में कोरिया, जापान, श्रीलंका और हांगकांग है जबकि भारतीय महिलाएं पूल बी में शामिल हैं जहां कजाखिस्तान, कोरिया और थाईलैंड हैं। 
बेंगलुरू के साई सेंटर में अभ्यास कर रही पुरूष हॉकी टीम के कोच हरेंद्र ने टीम के अच्छे प्रदर्शन का भरोसा जताते हुए कहा -  हम टूर्नामेंट में गत चैंपियन हैं, लेकिन किसी भी टीम को कम नहीं आंकेंगे। मेरे लिए यह आसान ग्रुप नहीं है हमें हांगकांग, चीन और श्रीलंका से भी सतर्क रहना होगा। जापान एशिया की उभरती हुई टीम है और उलटफेर कर सकती है।
उन्होंने कहा - कोरिया भी मजबूत टीम है और रक्षात्मक खेलती है। हमने उनके मैच करीब से देखे हैं। भारत ने 2014 एशियाड में पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण जीता था और 2016 रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था। लेकिन इस बार भारतीय पुरूष टीम के सामने 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने की चुनौती होगी।