Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

खेल

एशियन चैंपियनशिप में अमन ने जीता स्वर्ण, पदक तालिका में तीसरे स्थान पर रहा भारत

Posted at: Aug 7 2018 10:55AM
thumb

नई दिल्ली। पहलवान अमन ने ईरान के शहर तेहरान में हुई तीन दिवसीय अंडर-15 एशियन फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। अमन भारतीय टीम में अकेले ऐसे पहलवान है जिन्होंने पीला तमगा हासिल किया। अमन ने 52 किग्रा भार वर्ग में फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक जीता।
भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआइ) ने इसकी जानकारी दी। इस चैंपियनशिप में भारत तीसरे स्थान पर रहा। इस दौरान उसने एक स्वर्ण, छह रजत और आठ कांस्य पदक सहित 15 पदक अपने नाम किए। अमन के अलावा फ्री स्टाइल में महेश (57 किग्रा), करण (68 किग्रा) और परविंदर (62 किग्रा) ने रजत पदक जीते। 
वहीं, विटल (75 किग्रा), विकास (85 किग्रा), अनिल (38 किग्रा) और चिराग (44 किग्रा) कांस्य पदक अपने नाम किए। ग्रीको रोमन में कोई पहलवान स्वर्ण नहीं जीत सका, लेकिन रजत और कांस्य जीतने में सफल हुए। ग्रीको रोमन में रुपिन (48 किग्रा), ओंकार (57 किग्रा) और अर्शदीप सिंह (85 किग्रा) ने रजत पदक जीता, जबकि यशवीर मलिक (38 किग्रा), लौंगांबा (52 किग्रा), रवि (62 किग्रा) और दीपक (75 किग्रा) ने कांसा जीता।