Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

खेल

भारत ने बैडमिंटन में जीते 6 स्वर्ण सहित 10 पदक

Posted at: Dec 7 2019 1:29AM
thumb

पोखरा। भारत ने 13वें दक्षिण एशियाई खेलों की बैडमिंटन प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए पुरुष और महिला एकल खिताब सहित कुल छह स्वर्ण पदक जीत लिए। भारत ने छह स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक सहित कुल 10 पदक जीते। भारत ने व्यक्तिगत मुकाबलों से पहले टीम स्पर्धा में भी दोनों स्वर्ण जीते थे। शीर्ष वरीयता प्राप्त अश्मिता चलिहा ने हमवतन गायत्री गोपीचंद को महिला एकल फाइनल में 21-18, 25-23 से हराया। 

 पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में सिरिल वर्मा ने हमवतन आर्यमन टंडन को 17-21, 23-21, 21-13 से हराया। इस तरह एकल वर्गों में भारत को स्वर्ण और रजत पदक दोनों हाथ लगे। युगल मुकाबलों में ध्रुव कपिला ने पुरुष युगल और मिश्रित युगल में स्वर्ण जीते। पुरुष युगल वर्ग के फाइनल में कृष्णा गरागा और ध्रुव कपिला ने श्रीलंका की जोड़ी दियास एंगोडा विदानालागे और बी थारिंदु दुलेव को 21-19,19-21, 21-18 से हराया। मिश्रित युगल में शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत के ध्रुव और मेघना की जोड़ी ने श्रीलंकाई जोड़ी को हराया। महिला युगल में दोनों भारतीय जोड़ियों को सेमीफाइनल में हारने के बाद कल कांस्य पदक मिले थे।