Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

खेल

कॉमनवेल्थ गेम्स : साइना ने सिंधू को हराकर जीता स्वर्ण, श्रीकांत को रजत

Posted at: Apr 15 2018 11:51AM
thumb

गोल्ड कोस्ट। अनुभवी भारतीय शटलर साइना नेहवाल ने एक बार फिर ओलंपिक रजत विजेता पीवी सिंधू पर अपनी बादशाहत साबित की और 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के आखिरी दिन रविवार को महिला एकल बैडमिंटन स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया जबकि हाल में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी बने किदाम्बी श्रीकांत को फाइनल में हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
महिला एकल के हाईवोल्टेज स्वर्ण पदक मुकाबले में दोनों भारतीय ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी साइना और सिंधू  आमने सामने थीं और अनुभवी साइना ने लगातार गेमों में 21-18, 23-21 से जीत अपने नाम करते हुए स्वर्ण जीत लिया जबकि सिंधू के हिस्से रजत पदक आया।
दूसरी ओर पुरूष एकल में टीम स्पर्धा में मलेशिया के ली चोंग वेई को हराने वाले श्रीकांत दूसरी बार उसी प्रदर्शन को नहीं दोहरा सके और तीन गेमों तक चले कड़े संघर्ष में वह वेई के हाथों 21-19, 14-21, 14-21 से मुकाबला हार कर स्वर्ण पदक गंवा बैठे। 
वहीं पुरूष युगल में सात्विकसेराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी को भी स्वर्ण पदक मैच में हार के बाद रजत से संतोष करना पड़ा। युवा भारतीय जोड़ी को इंग्लैंड के मार्कस एलिस और क्रिस लैंगरिच के हाथों 13-21, 16-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।