Saturday, 20 April, 2024
dabang dunia

बिहार

15 जनवरी से दरभंगा में खसरा-रूबैला टीकाकरण अभियान

Posted at: Jan 12 2019 9:52PM
thumb

दरभंगा। जिले में आगामी 15 जनवरी से खसरा-रूबैला टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 09 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय के बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर सभागार में अभियान के लिए मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसे संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी 15 जनवरी से पूरे जिले में खसरा-रूबैला टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 09 माह से 15 वर्ष तक के सभी बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। यह अभियान प्रथम दो सप्ताह तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों, मदरसा, मकतब आदि में चलाया जाएगा। 

सिंह ने बताया कि इसके बाद अगले दो सप्ताह तक आँगनबाड़ी केन्द्रों, ईंट-भट्ठा, घुमंतु आबादी आदि के बीच यह अभियान चलाया जाएगा। पाँचवें सप्ताह में पुन: छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आदि पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में मीडिया की सकारात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अभियान के दौरान कई बार लोगों में भम्र की स्थिति उत्पन्न होती है, ऐसी परिस्थिति में मीडिया द्वारा अभियान से संबंधित विशेष जागरूकता से संबंधित खबरें प्रकाशित होने पर जन समुदाय अभियान के प्रति प्रेरित होंगे। विश्व स्वास्थ्य संगठन के चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. वासवराज ने बताया कि खसरा एक संक्रामक बीमारी है जो खांसने और छूने से भी फैलती है। इसमें सर्वप्रथम बुखार, शरीर पर निशान आदि दिखाई देने लगते है। रूबैला की शुरूआत जर्मनी से हुई थी, इसीलिए इसे जर्मन मिजल्स भी बोला जाता है। गर्भवती महिलाओं को  खसरा-रूबैला से पीड़ित होने पर बच्चों को दिव्यांगता तथा मौत का भी खतरा होता है।