Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

बिज़नेस

सोना 100 रुपए चमका, चांदी 190 रुपए फिसली

Posted at: Jun 19 2018 3:05PM
thumb

नई दिल्ली। अमेरिका और चीन के बीच गहराते व्यापार युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों के साथ-साथ मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में भी पीली धातु में तेजी का रुख रहा। सोना 100 रुपए चमककर 31,900 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। हालाँकि, औद्योगिक मांग उतरने से चांदी 190 रुपए फिसलकर डेढ़ सप्ताह के निचले स्तर 41,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध गहराता जा रहा है। इससे शेयर बाजारों से पूँजी निकालकर निवेशकों ने सुरक्षित मानी जाने वाली पीली धातु का रुख किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर एक डॉलर चढ़कर 1,279 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा 2.60 डॉलर की बढ़त में 1,282.70 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चाँदी हाजिर हालाँकि 0.08 डॉलर टूटकर 16.40 डॉलर प्रति औंस रह गई। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि व्यापार युद्ध की चिंता में डॉलर के भी दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में कमजोर पड़ने से सोने की तेजी सीमित रही।

स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 100 रुपए की मजबूती के साथ 31,900 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 31,750 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर स्थिर रही। औद्योगिक मांग उतरने और वैश्विक दबाव में चांदी में लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। चाँदी हाजिर 190 रुपए फिसलकर 08 जून के बाद के निचले स्तर 41,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी। भविष्य में कीमतों में तेजी की उम्मीद में चांदी वायदा 325 रुपए चमककर 40,460 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 76 हजार और 77 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।

दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के दाम (रुपए में):-

सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,900

सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम :  31,750

चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 41,000

चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 40,460

सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 76,000

सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :77,000

गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800