Saturday, 27 April, 2024
dabang dunia

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : मुठभेड़ में एक जवान घायल, तीन नक्सली ढेर

Posted at: Feb 18 2019 4:52PM
thumb

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एक मुठभेड़ में जहां एक जवान घायल हो गया, वहीं पुलिस ने तीन से चार नक्सलियों के मारे जाने का दावा किया है। पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि कल शाम संयुक्त पुलिस पार्टी नक्सल गश्त-सर्चिंग करते हुए ग्राम गोंगला, मुरनार, ईकमेटा, किसकाल, जड्डा के जंगल-पहाड़ पार करते हुए आगे बढ़ रही थी। डीआरजी की पार्टी जैसे ही ग्राम दुमनार और जड्डा के जंगल-पहाड़ के पास पहुंची थी कि चार अलग-अलग स्थानों पर मोर्चा लिए पहले से घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर हमला बोल दिया। नक्सलियों की ओर से अत्याधुनिक हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग हुई। इसी बीच नक्सलियों ने जवानों पर एचई बम-देशी बम भी दागे।

अचानक हुए हमले के बाद जवानों ने भी जवाबी गोलीबारी की। दोनों ओर से करीब एक घंटे तक गोलीबारी चलती रही। इसके बाद नक्सली भाग खड़े हुए। घटना के बाद मौके की सर्चिंग करने पर कई स्थानों पर खून के धब्बे मिले हैं। आईजी का कहना था कि खून के धब्बों को देखकर ऐसा लग रहा है कि मुठभेड़ में चार से पांच नक्सली मारे गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी नक्सलियों के शव बरामद नहीं हुए हैं और इलाके में सर्चिंग जारी रखी गई है। ऐसा माना जा रहा है कि मौके पर कई बड़े नक्सली लीडर भी थे और वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही यहां जवान पहुंच गए। मुठभेड़ में चार से ज्यादा नक्सलियों के ढेर होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

वहीं, मुठभेड़ के दौरान डीआरजी के एक जवान को भी गोली लगी है। जवान का नाम दयाराम नुरेटी बताया जा रहा है और उसके कंधे में गोली लगी है। जिसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रैफर किया गया है। घायल जवान की हालत वर्तमान में स्थिर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक इंसास एलएमजी रायफल की मैग्जीन, इंसास राइफल के 20 नग कारतूस, इंसास राइफल का खाली खोखा 6 नग, एके 47 राइफल का खाली खोखा 7 नग, 303 राइफल का जिंदा कारतूस 1 नग, नक्सली पिट्ठू 2 नग, जरकीन 3 नग, नक्सली वर्दी और नक्सली साहित्य बरामद किया गया है।