Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

प्रदेश

चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में कड़े सुरक्षा प्रबन्धों के बीच कल मतदान

Posted at: Oct 20 2019 1:45PM
thumb

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव के लिए कल कड़े सुरक्षा प्रबन्धों के बीच मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से आज मिली जानकारी के अनुसार कल होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान दल आज सुबह से निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हो गए है।इस विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले सुकमा जिले के 16 मतदान केन्द्रों के लिए भी मतदान दलों को मतदान सामग्री जगदलपुर में ही वितरित की गई।
मतदान के लिए कुल 229 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 213 मतदान केन्द्र बस्तर जिले में और 16 मतदान केन्द्र सुकमा जिले में स्थित है। इन मतदान केन्द्रों के लिए 916 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है।इनमें पीठासीन के साथ ही मतदान दल के तीन और अधिकारी शामिल हैं। निष्पक्ष और स्वतंत्रतापूर्वक मतदान सुनिश्चित करने के लिए 58 संवेदनशील मतदान केन्द्रों में माईक्रो आब्जर्वर भी तैनात रहेंगे। उपचुनाव में कुल एक लाख 67 हजार 911 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इनमें 79 हजार 284 पुरुष मतदाता और 88 हजार 626 महिला मतदाता है, इनमें एक तृतीय लिंग मतदाता भी शामिल है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, वहीं मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। इस बार चुनाव में कुल 6 प्रत्याशी मैदान में है। इनमें इंडियन नेशनल कांग्रेस से राजमन बेंजाम,भारतीय जनता पार्टी से लच्छूराम कश्यप, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से हिड़मो राम मण्डावी, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से बोमड़ा मण्डावी, आंबेडकराईट पार्टी ऑफ इंडिया से लखेश्वर कवासी और निर्दलीय अभ्यर्थी रितिका कर्मा शामिल है।