Friday, 19 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

बस्तर को मलेरिया मुक्त बनाने के लिए चलाया गया अभियान : भूपेश

Posted at: Jan 25 2020 5:02PM
thumb

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कहा कि बस्तर को मलेरिया मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया गया है, जिसमें सभी का सहयोग जरुरी है। बघेल जिले की कारली पुलिस लाइन में आयोजित मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए जून 2019 से मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान चला रहे हैं, जिसे आप सबकी भागीदारी से अच्छी सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि 15 जनवरी से पूरे बस्तर संभाग में मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान शुरू किया गया है, जिसमें आप सभी की भागीदारी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मलेरिया के सर्वाधिक प्रकरण बस्तर संभाग में पाए जाते हैं, इसलिए यह अभियान बस्तर से शुरू किया गया है। आजकल देखने में यह आया है कि मलेरिया होने के बावजूद भी इसके लक्षण दिखाई नहीं देते। इसलिए सभी को चाहे बुखार हो या ना हो मलेरिया की जांच अवश्य करानी चाहिए, तभी हम बस्तर को मलेरिया मुक्त बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद हर गांव और घर तक पहुंच रहे हैं।
इन कार्यकर्ताओं का सहयोग कर अभियान में भागीदार बनें। उन्होंने मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान में लगे सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बधाई दी.। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान मलेरिया की जांच और उपचार तो हो ही रहा है। यह कोशिश की जानी चाहिए कि मलेरिया को होने ही नहीं दिया जाये। कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य कर मंत्री कवासी लखमा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
लखमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हर बड़े अभियान या कार्यक्रम की शुरुआत बस्तर से करते हैं। चाहे मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान हो या मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना, अब मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान की शुरुआत भी बस्तर से की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जो भी अभियान और कार्यक्रम शुरू करते हैं वह सफल होता है।