Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

निशंक, रिजिजू ने फिट इंडिया कार्यक्रम केन्द्रीय विद्यालय में लांच किया

Posted at: Dec 5 2019 12:33AM
thumb

नई दिल्ली। मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री किरण रिजिजू ने बुधवार को फिट इंडिया कार्यक्रम को केंद्रीय विद्यालय में लांच किया। निशंक ने दिल्ली कैंट केंद्रीय विद्यालय-एक के नवनिर्मित स्टेडियम में इस कार्यक्रम को लांच करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम स्कूली बच्चों को स्वस्थ बनाने के साथ-साथ न्यू इंडिया को मजबूत बनाने का भी नया प्रयोग है। यह स्टेडियम करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिट इंडिया कार्यक्रम की पहल की तारीफ करते हुए कहा कि देश में सोलह लाख स्कूल और एक हज़ार कॉलेज हैं तथा 33 करोड़ बच्चे हैं जिनके फिट रहने से देश फिट रहेगा। 

उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि केंद्रीय स्कूलों में पहले से ही स्वस्थ बच्चे स्वस्थ भारत कार्यक्रम चल रहा है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया कार्यक्रम से और फायदा होगा। रिजिजू ने फिट इंडिया स्कूल रेटिंग सिस्टम को लाँच करते हुए कहा कि इससे स्कूलों की नयी छवि बनेगी और बच्चों में स्वस्थ रहने की प्रतिस्पर्धा भी उत्पन्न होगी तथा नयी ऊर्जा मिलेगी। इस अवसर पर तीन केंद्रीय स्कूलों को पुरस्कृत भी किया गया जिनमें पहला स्थान आर. के. पुरम के सेक्टर 8 के केंद्रीय विद्यालय को, दूसरा एंड्रूज गंज केंद्रीय विद्यालय तथा तीसरा स्थान दिल्ली कैंट केंद्रीय विद्यालय नम्बर एक को मिला। रिजिजू ने स्टेडियम में प्रतीकात्मक रूप से तीरंदाजी और टाईकोंडो खेल कर स्कूली बच्चों को फिट इंडिया के लिए प्रोत्साहित किया।