Thursday, 28 March, 2024
dabang dunia

हरियाणा

हरियाणा होगा सीसीटीवी कैमरे से लैस

Posted at: Mar 10 2018 4:52PM
thumb

सोनीपत। हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी शहरों, नगरपालिका, नगर परिषद और नगर निगम क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे और एलईडी लाईट लगाने का निर्णय लिया है। इस परियोजना पर करबी लगभग 100 करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे।
राज्य के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने आज यहां शहर में 08.80 करोड़ रूपये की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगाने के कार्य का शुभारम्भ करने के मौके पर यह जानकारी दी। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन भी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि सोनीपत शहर में 52 स्थानों पर उच्च तकनीक के 195 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनमें 168 कैमरे फिक्स बॉक्स टाईप होंगे और इनकी रेंज 25 मीटर से 40 मीटर तक होगी। इसके अलावा, शहर में 27 कैमरे पीटीजेड (घूमने वाले) लगाए जाएंगे जिनकी रेंज 300 मीटर से 500 मीटर तक होगी जो चारों तरफ नजर रखेंगे। जैन के अनुसार सभी सीसीटीवी कैमरों को 32 किलोमीटर लम्बी भूमिगत केबल के माध्यम से जिला पुलिस  मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष से जोड़ा जाएगा। यह कार्य छह माह में पूरा कर लिया जाएगा। इस नियंत्रण कक्ष से शहर में चोरी और आपराधिक घटनाओं की निगरानी भी की जाएगी तथा ये दुकानदारों, व्यापारियों और आम जनता की सुरक्षा में भी फायदेमंद साबित होंगे।