Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

जम्मू-कश्मीर

कश्मीर मुठभेड़ में दो जवान शहीद, एक आतंकवादी ढेर

Posted at: Apr 24 2018 3:02PM
thumb

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में पुलवामा जिले के त्राल इलाके के जंगलों में मंगलवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के दो जवान शहीद हो गये और एक आतंकवादी मारा गया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने मिलकर त्राल के लाम इलाके में घेराबंदी तथा तलाशी अभियान शुरू किया। 

सुरक्षा बल जंगल में जब आगे की ओर बढ़ रहे थे तो आंतकवादियों ने स्वचालित हथियारों से उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। आतंकवादियों की ओर से की गयी गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया जिसने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। 

सेना ने जंगल में आगे बढ़ना जारी रखा तो सुरक्षा बलों का एक बार फिर से आंतकवादियों से संपर्क हुआ। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में सेना का एक अन्य जवान शहीद हो गया और एक आतंकवादी मारा गया।

सूत्रों ने कहा कि सेना ने आंतकवादियों का पता लगाने के लिए हेलीकॉप्टर और ड्रोन की भी मदद ले रही है। आखिरी जानकारी मिलने तक सेना का अभियान जारी है।