Saturday, 27 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार पांच बजे समाप्त

Posted at: Oct 20 2019 12:41AM
thumb

मुंबई। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटों के लिए 21 अक्टूबर को होने वाले चुनाव के लिए प्रचार शनिवार शाम पांच बजे थम गया। मुंबई उपनगर जिलाधिकारी मिलिंद बोरीकर ने संवाददाताओं को बताया कि मुंबई उपनगर की 26 सीटों के लिए 21 अक्टूबर को मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उन्होंने बताया कि मुंबई उपनगर के 26 विधानसभा चुनाव क्षेत्र के लिए कुल 244 उम्मीदवार खड़े हैं जिनमें 23 महिला उम्मीदवार हैं। उन्होंने बताया कि इस बार 26 चुनाव क्षेत्र में 28 सखी केन्द्र बनाये गये हैं जिनमें चुनाव का पूरा काम महिलाएं संभाल रही हैं। इसके अलावा बुजुर्गों तथा गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगों के लिए वाहनों की भी व्यवस्था की गयी है।

बोरीकर ने बताया कि इन विधानसभा चुनाव के लिए 7263249 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसमें से महिलाओं की संख्या 3315336 है जबकि पुरूषों की संख्या 3947385 है। इस बार 105345 नये मतदाता शामिल हुए हैं।  7719 दिव्यांग मतदाता हैं। मतदान के लिए कुल 7397 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र में मोबाइल फोन ले जाना मना है। विधानसभा चुनाव के लिए 27 सितंबर को अधिसूचना जारी की गयी थी और नामांकन फार्म भरने की अंतिम तारीख चार अक्टूबर थी जबकि नामांकन पत्रों की जांच पांच अक्टूबर को और नामांकन वापस लेने की तारीख सात अक्टूबर थी। इक्कीस अक्टूबर को मतदान होगा और 24 अक्टूबर को मतगणना की जायेगी।

मतदान केन्द्रों की सुरक्षा के लिए जवान तैनात किये गये हैं और अग्निशमन दल की व्यवस्था की गयी हैं। चुनाव प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस और अन्य नेताओं ने जनसभायें की। शिवसेना की ओर पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके पुत्र आदित्य ठाकरे ने पार्टी प्रत्याशियों के लिए रोड शो किये, रैलियों को संबोधित किया और वोट मांगे। कांग्रेस की ओर से पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खडगे आदि ने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया। इसके अलावा कांग्रेस की गठबंधन सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार,उनकी पुत्री एवं पार्टी नेता सुप्रिया सुले आदि ने धुआंधार प्रचार किया और पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।