Saturday, 20 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

नितिन गडकरी का जवाब, मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही हैं कांग्रेस

Posted at: Mar 10 2018 3:58PM
thumb

मुंबई। केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने  कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के 2019 में फिर से केन्द्र में सत्ता में लौटने के बयान को " मुंगेरी लाल के हसीन सपने " बताते हुए कहा  है कि कांग्रेस एक एक करके राज्यों के चुनाव में परास्त हो रही है फिर उसके सत्ता में वापसी का सवाल कहां उठता है। गडकरी ने सम्मेलन में कहा कांग्रेस की 2019 में सत्ता में लौटने की बात वास्तिवकता से बहुत दूर है । जो पार्टी विधानसभा चुनावों में एक के बाद एक पराजित हो रही है

उसके सत्ता में लौटने का सवाल कहां पैदा होता है। गांधी ने शुक्रवार को सम्मेलन को संबोधित करते हुए नरेन्द्र मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा था कि उनके अच्छे दिन के नारे का हश्र 2004 के इंडिया शाइंनिग जैसा होगा और हम 2019 में फिर से सत्ता में वापसी करेंगे।  इसके जवाब में गडकरी ने पूरे विश्वास के साथ कहा देश की जनता एक बार फिर मोदी के लिए वोट करेगी।" उन्होंने गांधी के 2019 के आम चुनाव में वापसी के कथन को  मुंगेरी लाल के हसीन सपने करार दिया।

भाजपा के राज्य विधानसभाओं में प्रदर्शन का जिक्र करते हुए श्री गडकरी ने कहा " हमारी पहुंच पूर्वोत्तर में हो गई है। केरल और पश्चिम बंगाल में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष में बैठी पार्टी तो यह जरुर ही कहेगी कि सत्तारुढ दल अगला  चुनाव हारेगा। श्री मोदी की अगुवाई में केन्द्र सरकार ने पिछले चार साल में जितना काम किया है उतना कांग्रेस अपने 50 वर्ष के शासनकाल में नहीं कर सकी। अच्छे दिन पर पूछे गए सवाल पर गडकरी ने कहा अच्छे दिन सोच का विषय है। सरकार के बुनियादी सुविधा क्षेत्र , उड्डयन समेत अन्य क्षेत्रों में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कृषि क्षेत्र पर और ध्यान देने की जरुरत है। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और राजस्थान के दो लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की हार पर पूछे गए सवाल पर श्री गडकरी ने कहा कि भाजपा का भविष्य उज्जवल है और चुनाव में हार जीत का क्रम चलता रहता है।