Thursday, 28 March, 2024
dabang dunia

देश

हर मंगल-गुरुवार यूपी जाएंगी प्रियंका - कार्यकर्ताओं को देंगी...

Posted at: Jun 15 2019 4:59PM
thumb

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के मकसद से प्रदेश कार्यकर्ताओं से सप्ताह में दो दिन मुलाकात करेंगी। कांग्रेस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि श्रीमती वाड्रा यहां पार्टी मुख्यालय में हर मंगलवार तथा गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक प्रदेश के कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगी और पार्टी को जमीनी स्तर पर कैसे मजबूत बनाना है, इस बारे में उनकी राय जानेंगी।
उन्होंने बताया कि वाड्रा से मुलाकात के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को पहले से मिलने की इजाजत लेने की औपचारिकता का निर्वहन नहीं करना पड़ेगा। वाड्रा ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी महासचिव नियुक्त किए जाने के बाद कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर जब कार्यभार ग्रहण किया था तो अपने कक्ष में उन्होंने रायबरेली और अमेठी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी।
सूत्रों के अनुसार वाड्रा मिशन 2022 में जुट गई हैं। उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश और ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी महासचिव बनाये जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि इन दोनों नेताओं को जिम्मेदारी सौंपे जाने का लक्ष्य 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का आधार तैयार करना है। हाल ही में वाड्रा ने राय बरेली दौरे में पार्टी के लिए काम नहीं करने वाले कार्यकर्ताओं को कड़ी फटकार लगाई थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं से आगे की लड़ाई के लिए तैयार रहने को कहा है।