Thursday, 28 March, 2024
dabang dunia

देश

कांवड़ियों को नाग देवता का दर्शन कराता है शराफत अली

Posted at: Jul 21 2019 5:46PM
thumb

भदोही। देश दुनिया में अपने हुनर एवं रंग-बिरंगी कालीनो के लिए विख्यात भदोही गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल कायम रखे हुए है। हिन्दू-मुस्लिम एकता की बगिया को सींच रहा शराफत अली हर साल सावन के महीने में कालीन नगरी भदोही से होकर जाने वाले कांवड़ यात्रियों को नाग देवता का दर्शन कराता है।
भदोही-औराई मार्ग के रजपुरा चौराहा पर 35-40 कावंडियों के बीच हरी पगड़ी बांधे सफेद दाढ़ी वाला 60 वर्षीय बुजुर्ग नाग देवता के दर्शन करा रहा था। कावंड़ि‍ये भी पूरी श्रद्धा भाव से इस अदभुद नजारे के दर्शन करने में व्यस्त थे। भीड़ छटने पर उसने बताया कि वह भदोही के कुकरौठी गांव का निवासी है।
काफी कुरेदने पर शराफत अली ने बताया कि किसी के कंपनी, मकान में सांप दिखता है तो वह उसे वहां से हटाने के लिये बुलाते हैं। लेकिन जब सावन माह में भदोही से होकर बड़ी संख्या में कांवड़िये गुजरते हैं तो वह नाग देवता को लेकर निकल पड़ता है और सड़क से होकर जा रहे कांवड़ियों को नाग देवता का दर्शन कराता है। 
बुजुर्ग सपेंरे ने बताया कि कांवड़ियों से उन्हे बेपनाह मोहब्बत है और बदले में कांवड़ लेकर जाने वाले लोग भी उसे बहुत चाहते हैं। कई वर्षों से नाग देवता का दर्शन कराते चले आ रहे हैं। जिससे काफी संख्या में कांवड़िया नाम व चेहरे से भी उन्हे पहचानते हैं।
अशरफ अली बताते हैं कि उनका मकसद यह रहता है कि बड़ी संख्या में जाने वाले कांवड़ यात्रियों को जहां नाग देवता का दर्शन कराते हैं, वहीं नाग देवता को देखने के लिए कांवड़ यात्री कुछ देर बैठकर अपनी थकान इसी बहाने मिटा लेते हैं। यह सिलसिला कई वर्षों से चलता आ रहा है।