Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

देश

सर गंगाराम अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से 25 मरीजों की मौत, 60 की जान खतरे में, अब पहुंचा टैंकर

Posted at: Apr 23 2021 2:20PM
thumb

नई दिल्‍ली। देश में कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। वहीं ऑक्सीजन की किल्लत भी सामने आ रही है। देश की राजधानी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में गंभीर रूप से बीमार 25 कोविड मरीजों की पिछले 24 घंटे में मौत हो गयी और 60 ऐसे अन्य अत्यंत अस्वस्थ मरीजों की जान भी खतरे में है। राष्ट्रीय राजधानी में ऑक्सीजन की कमी को लेकर गंभीर संकट की स्थिति पैदा होने के बीच अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में बताया।
 
अस्पताल द्वारा सरकार को अलर्ट करने के बाद यहां ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई है। माना जा रहा है कि इससे बड़ा खतरा टल सकता है। एक सूत्र ने बताया कि घटना के पीछे संभावित कारण ऑक्सीजन की कमी हो सकता है। सर गंगाराम अस्पताल में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘अस्पताल में ऑक्सीजन का भंडार अगले दो घंटे और चलेगा, वेंटिलेटर और बीआईपीएपी मशीनें भी प्रभावी रूप से काम नहीं कर रही हैं।’’ उन्होंने बताया, ‘‘गंभीर रूप से बीमार अन्य 60 मरीजों की जान भी खतरे में हैं और गंभीर संकट की आशंका है।’’ अधिकारी के अनुसार अस्पताल के आईसीयू और आपात-चिकित्सा विभाग में गैर-मशीनी तरीके से वेंटिलेशन बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।