Tuesday, 23 April, 2024
dabang dunia

देश

सोनिया गांधी की डिनर पार्टी आज - इन नेताओं को नहीं मिला न्योता

Posted at: Mar 13 2018 10:46AM
thumb

नई दिल्‍ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज डिनर पार्टी का आयोजन किया है। इस डिनर पार्टी में 17 विपक्षी पार्टियों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को रोकने के लिए पूरे विपक्ष को एकजुट करने की पुरजोर कोशिश में लगी हुई हैं। 
इन पार्टियों को नहीं बुलाया 
जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी के डिनर में टीडीपी, बीजेडी और तेलंगाना राष्ट्र समिति को बुलाया नहीं गया है। हाल में ही टीडीपी ने आंध्र को विशेष राज्य का दर्जा देने के मुद्दे पर मोदी कैबिनेट में शामिल अपने सभी मंत्रियों को हटा लिया है लेकिन वह NDA की सहयोगी बनी हुई है। 
ये होंगे पार्टी में शामिल
सोनिया की डिनर पार्टी में झारखंड के मुख्‍यमंत्री बाबूलाल मरांडी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन और बिहार से जीतन राम मांझी शामिल होंगे। जीतन राम मांझी हाल ही में एनडीए छोड़ आरजेडी के साथ आए हैं, जो कांग्रेस की सहयोगी पार्टी है।
दीदी नहीं आएंगीं... 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद को इस डिनर से दूर कर लिया है। हालांकि, उनकी पार्टी पार्टी से सुदीप बंदोपाध्याय और डेरेक ओ-बरायन डिनर में शामिल होंगे।  
तेजस्वी यादव के पहुंचने की उम्मीद 
वहीं इस डिनर में लालू यादव के बेटे और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के पहुंचने की उम्मीद है। साथ ही सपा के रामगोपाल यादव, द्रमुक की कनिमोई, माकपा के सीताराम येचुरी, जेडीएस, केरल कंग्रेस, भाकपा के डी राजा, रिवोल्युशनरी सोशलिस्ट पार्टी, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और रालोद के नेता भाग ले सकते हैं।