Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

देश

चाणक्‍य प्रशांत किशोर बने JDU के उपाध्यक्ष, बने दूसरे सबसे ताकतवर नेता

Posted at: Oct 16 2018 3:44PM
thumb

नई दिल्ली। जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मंगलवार को प्रशांत किशोर को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया। इस नियुक्ति से किशोर एक तरह से पार्टी में दूसरे सबसे ताकतवर नेता बन गए हैं। चुनावी रणनीतिकार के रूप में कई पार्टियों के लिए काम कर चुके किशोर हाल ही में बिहार में सत्ताधारी पार्टी में शामिल हुए थे। किशोर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है। जद (यू) प्रवक्ता के सी त्यागी ने बताया कि किशोर की नियुक्ति से पार्टी को अपना जनाधार व्यापक बनाने में मदद मिलेगी। 
प्रशांत किशोर ने 16 सितंबर को पटना में आयोजित हुई जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हिस्सा लिया और यहीं उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। माना जा रहा था कि पार्टी में उन्हें जल्द ही कोई बड़ा पद दिया जा सकता है। एक महीने के भीतर ही उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। 
बता दें कि 2014 के आम चुनाव में प्रशांत किशोर यानी पीके नरेंद्र मोदी के खास सिपहसालार थे और केंद्र में 3 दशकों बाद बीजेपी के रूप में किसी एक पार्टी को बहुमत के पीछे उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। 2014 के बाद सियासी गलियारों में वह तेजी से चर्चित हुए। पर्दे के पीछे से नरेंद्र मोदी की अगुआई में बीजेपी की जीत की पटकथा लिखने वाले प्रशांत किशोर जल्द ही जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार के करीब आने लगे।