Saturday, 20 April, 2024
dabang dunia

अन्‍य

भाजपा कर रही शहीदों का अपमान : कांग्रेस

Posted at: Apr 19 2019 8:43PM
thumb

पटना।  बिहार कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी की नेता साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के बयान कि उनके श्राप से ही मुंबई में आतंकवाद निरोधक दस्ते के तत्कालीन प्रमुख हेमंत करकरे का सर्वनाश हुआ पर कहा कि भाजपा शहीदो का अपमान कर रही है। बिहार कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के बयान की घोर निदा एवं भर्त्सना करते हुये कहा कि भाजपा देश के शहीदों का अपमान कर रही है।
 
हिन्दुस्तान अपने शहीदों का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकता है। प्रज्ञा ठाकुर के शहीद हेमंत करकरे पर अपमानजनक बयान के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को देश से माफी मांगनी चाहिये एवं उनके विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिये। सिंह ने कहा कि करकरे 26/11 मुम्बई हमले के शहीद हैं। देश के ऐसे शहीद सपूतों के अपमान का अधिकार भाजपा को किसने दिया। स्पष्ट है कि भाजपा वोट और जरूरत के हिसाब से देश के वीर शहीद सपूतों का इस्तेमाल करती है।
 
यह ओछी बात है,  जिसका जवाब देश की जनता भाजपा को इस चुनाव में जरूर देगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह भाजपा की संस्कृति रही है कि वह वोटों के ध्रुवीकरण की राजनीति करती रही है। उसे देश की नीतियों, मुद्दों, ज्वलंत समस्याओं से कुछ लेना देना नहीं है इसलिये पांच साल शासन करने के बाद भी इस बार के चुनाव में उसके शीर्ष नेता मुद्दों पर आधारित प्रचार-प्रसार नहीं कर रहे हैं बल्कि वे सिर्फ भावनाओं की बातें कर रहे हैं और ध्रुवीकरण का प्रयास कर रहे हैं।